Oplus_131072

सहसवान । थाना मुजरिया क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नैथुआ में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं, कि विरोध करने पर एक महिला के सिर पर सरेराह तमंचा तान दिया गया। महिला का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले कुछ दबंगों ने घर में जबरन पशु कटान का अवशेष (मलबा) रखने की कोशिश की और मना करने पर पूरे परिवार को बेरहमी से पीटा। इस दौरान सोने-चांदी के जेवरात लूटने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम नैथुआ निवासी रुकसार पत्नी मोहम्मद मियां ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले नदीम, सादिक पुत्रगण शरीफ, शम्बो, रानी और मोहम्मद आलम अवैध रूप से पशु कटान का कार्य करते हैं।

पीड़िता के अनुसार, 11 फरवरी 2026 की दोपहर करीब 3 बजे उक्त लोग पशु कटान के बाद मांस के टुकड़े और गंदगी (मलबा) जबरन रुकसार के घर में रखने लगे। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी नदीम ने तमंचा निकालकर उसके सिर पर सटा दिया और जान से मारने की धमकी दी।
बीच-बचाव करने आए परिजनों को भी पीटा
शोर सुनकर जब रुकसार की 10 वर्षीय बेटी रिफा अपने चाचा राजू को बुलाकर लाई, तो आरोपियों ने राजू पर भी हमला कर दिया। लात-घूसों से की गई इस मारपीट में राजू के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। बाद में पीड़िता की बहन बबली के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर दबंगों ने महिला के कान के सोने के कुंडल, ननद के कान का बुंदा और चांदी की पाजेब लूट ली।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
पीड़िता का आरोप है कि इससे पहले 9 फरवरी को भी उक्त लोगों ने विवाद किया था, जिसकी शिकायत थाना मुजरिया में की गई थी। लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से आरोपियों के हौसले बढ़ गए। बताया जा रहा है कि आरोपियों पर पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे न्यायालय में विचाराधीन हैं।
“हमने थाने में शिकायत की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी वजह से दबंगों ने दोबारा हमला किया। हमें जान-माल का खतरा बना हुआ है।”