बरेली में उपखनिज के अवैध परिवहन पर सख्ती, टास्क फोर्स को कड़े निर्देश


बरेली, 12 फरवरी। अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उपखनिज के वैध/अवैध परिवहन की प्रभावी जांच, नियंत्रण एवं रोकथाम को लेकर जनपद स्तरीय टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में अवैध खनन और परिवहन पर कड़ी कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कई कर्मचारी ड्यूटी स्थल पर अनुपस्थित पाए जाते हैं। ऐसे कर्मचारियों के विरुद्ध एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई करने के निर्देश खनन अधिकारी को दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना एस.टी.पी. (खनन परिवहन प्रपत्र) के वाहन पाए जाने पर वाहन स्वामी एवं संबंधित वाहन के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


गुंडा एवं गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई के निर्देश


बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि बिना एस.टी.पी. या बिना नियमानुसार जीपीएस/जीपीएफ लॉक के सड़क पर चलने वाले वाहनों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाए। आवश्यकता पड़ने पर गुंडा एक्ट एवं गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाए।


ओवरलोड व धुंधले नंबर प्लेट पर शिकंजा


परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि ओवरलोड वाहनों, धुंधली नंबर प्लेट तथा बड़े एक्सटेंशन वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। टास्क फोर्स के सभी सदस्यों को निर्देश दिया गया कि जनपद में किसी भी प्रकार का अवैध खनन अथवा अवैध परिवहन न होने पाए। यदि कहीं भी अवैध खनन की सूचना मिलती है तो तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाए।


टोल प्लाजा का औचक निरीक्षण


जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि टोल प्लाजा पर लगाए गए ड्यूटी स्थलों का समय-समय पर औचक निरीक्षण किया जाए, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। शासन के निर्देशानुसार अंतर्जनपदीय बैठक अगले सप्ताह आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए।


पहले भी हुई बड़ी कार्रवाई


गौरतलब है कि हाल ही में मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर 35 डंपरों को अवैध खनन करते हुए सीज किया गया था। संबंधित आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए, जिनमें से कुछ आरोपी जेल में हैं और जब्त वाहनों को भी अभी जमानत नहीं मिल सकी है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि अवैध खनन के मामलों में किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में पूर्णिमा सिंह (अपर जिलाधिकारी प्रशासन), संतोष कुमार (अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व), उप जिलाधिकारी सदर प्रमोद कुमार, उप जिलाधिकारी फरीदपुर, जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने दोहराया कि उपखनिज के अवैध खनन एवं परिवहन पर पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई जारी रहेगी