निजी अस्पताल और मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित दवाइयां बेचने पर लाइसेंस होगा निरस्त
बदायूं।खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जिले में प्रतिबंधित कफ सिरप की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को औषधि निरीक्षक ने निजी अस्पताल और मेडिकल स्टोरों पर छापा मारकर अलग-अलग ब्रांडों के तीन नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
लवकुश प्रसाद औषधि निरीक्षक ने बताया कि जिले के मेडिकल स्टरों व निजी अस्पताल पर छापेमारी की कार्रवाई की गई। जिसमें मैसर्स गौरी फार्मा मोहल्ला चौधरी सराय काली सड़क थाना कोतवाली के दो नमूने कफ सिरप व मैसर्स बत्रा फार्मास्युटिकल्स ग्राउंड फ्लोर एक्सिस बैंक के सामने डॉ अजीत पाल सिंह निजी हॉस्पिटल का एक नमूना कफ सिरप का लिया गया इस आधार पर गहन निरीक्षण के उपरांत नमूने संग्रह कर राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया। जांच रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जनपद में अन्य संदिग्ध कफ सिरप के नमूने भी एकत्र किए जा

रहे हैं।उन्होंने लोगों से घर में रखे पुराने या खुले सिरप का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बगैर चिकित्सक की सलाह के बच्चों को किसी भी प्रकार कफ सिरप नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई कफ सिरप की बिक्री पर रोक लग गई है। जनपद में निजी अस्पतालों और मेडिकल स्टोरों प्रतिबंधित दवाइयां बेचते पाए जाने पर संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी साथ ही मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।
