भिवाड़ी। चोपानकी थाना क्षेत्र के गाड़पुर मोड़ पर शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 16 वर्षीय नाबालिग युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, गाड़पुर गांव निवासी नासिर पुत्र हाजी महबूब अपनी बाइक से भिवाड़ी स्थित एक मेडिकल स्टोर जा रहा था, तभी भिवाड़ी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार लोडिंग ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नासिर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत भिवाड़ी के जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। मृतक के पड़ोसी इलियास खान के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। नासिर पढ़ाई के साथ-साथ घर पर खेती-बाड़ी का काम भी करता था और अविवाहित था। उसकी असमय मौत से परिवार और गांव में गहरा शोक व्याप्त है।
सूचना पर चोपानकी पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। हालांकि, हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
थाना अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण ट्रक की तेज रफ्तार और लापरवाही प्रतीत होती है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर भिवाड़ी क्षेत्र में सड़कों पर बढ़ती रफ्तार और सुरक्षा की लापरवाहियों पर सवाल खड़ा करता है।
