
नवजात शिशुओं और गर्भवती महिलाओं को मिलेगी मुफ्त सुविधा
बदायूं। योगी सरकार ने जिले को 41 नई 102 एंबुलेंस की सौगात दी है।
भाजपा के जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने महिला अस्पताल परिसर में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि
नई 102 एंबुलेंस सेवा के तहत जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला महिला अस्पताल से एंबुलेंस का संचालन किया जाएगा। यह सेवा विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और एक वर्ष तक के नवजात शिशुओं को लाभ मिलेगा। लाभार्थियों को न केवल घर से अस्पताल तक लाया जाएगा, बल्कि जांच व इलाज के बाद उन्हें सुरक्षित उनके घर भी छोड़ा जाएगा यह सुविधा बिल्कुल फ्री में मिलेगी।

एंबुलेंस बुलाने के लिए सिर्फ एक कॉल
जरूरतमंद गर्भवती महिलाएं और बच्चों के परिजन किसी भी समय 102 डायल कर एंबुलेंस सेवा प्राप्त कर सकते हैं। यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध है और इसका उद्देश्य समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना है।
जनता को राहत, सरकार की संवेदनशील पहल
“यह सेवा सरकार की संवेदनशीलता और आमजन के प्रति समर्पण का प्रतीक है। 102 एंबुलेंस सेवा से ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी”
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामेश्वर मिश्रा ने जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है। “इन नई एंबुलेंसों से समय पर अस्पताल पहुंचने में मदद मिलेगी, जिससे गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की जान बचाई जा सकेगी।”

स्थानीय लोगों में हर्ष
नई एंबुलेंस सेवा के शुरू होने से ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों में खुशी का माहौल है। विशेषकर वे परिवार जो आर्थिक या परिवहन की समस्या के कारण समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाते थे, अब इस सेवा से लाभान्वित होंगे।इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामेश्वर मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. इंदुकांत वर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक केके शर्मा, जिला महिला अस्पताल प्रबंधक अरविंद वर्मा और 102 एंबुलेंस सेवा के जिला प्रभारी अनुराग मिश्रा, सूर्य प्रताप सिंह एवं प्रेम शंकर कार्यक्रम में शामिल रहे।








