
बरेली पहली बार देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत करने जा रहा है। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट मोड में हैं। शनिवार को एडीजी रमित शर्मा ने IVRI परिसर में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग की। इसमें यूपी के विभिन्न जिलों से आए अफसरों को सुरक्षा व्यवस्था की रणनीति समझाई गई।

मुख्यमंत्री योगी और राज्यपाल आनंदीबेन भी रहेंगी मौजूद
30 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI) के 11वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। कार्यक्रम विवेकानंद सभागार में आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रपति के स्वागत के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी बरेली पहुंचेंगी। सुबह 10 बजे राष्ट्रपति का आगमन होगा और एक घंटे के भीतर वह गोरखपुर के लिए रवाना हो जाएंगी।

तीन शीर्ष पदाधिकारियों के आगमन को देखते हुए भारी बंदोबस्त
एक साथ तीन सर्वोच्च हस्तियों के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सख्त कर दिया गया है। पूरा IVRI परिसर छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सुरक्षा ऐसी है कि परिंदा भी पर न मार सके। इंटेलिजेंस ब्यूरो, एटीएस, बम डिस्पोजल यूनिट, डॉग स्क्वाड, एसपीजी, एलआईयू सहित सभी एजेंसियां तैनात कर दी गई हैं।

एयरबेस से लेकर IVRI तक रूट पर सख्त निगरानी, ट्रैफिक डायवर्जन लागू
शनिवार को सुरक्षा और प्रोटोकॉल के तहत फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया। पुलिस अधिकारियों ने त्रिशूल एयरबेस से लेकर IVRI तक के रूट का निरीक्षण किया। राष्ट्रपति सड़क मार्ग से आएंगी, इसीलिए इस रूट को सुबह से ही बंद कर दिया जाएगा। उनके पूरे ठहराव के दौरान यह मार्ग पूरी तरह सील रहेगा और रूट डायवर्जन लागू रहेगा।

IVRI को दुल्हन की तरह सजाया गया, होर्डिंग, फ्लेक्स और हरियाली से बना आकर्षक माहौल
राष्ट्रपति के स्वागत को यादगार बनाने के लिए IVRI को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। वैज्ञानिक, शोधार्थी, छात्र-छात्राएं सब मिलकर परिसर को सजा रहे हैं। जगह-जगह राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के स्वागत में बड़े-बड़े होर्डिंग और बैनर लगाए गए हैं। रंगाई-पुताई के साथ-साथ हरियाली पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

दीक्षांत समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल पूरी, राष्ट्रगान से लेकर विदाई तक की सभी प्रक्रियाओं का अभ्यास
समारोह से एक दिन पहले कार्यक्रम की पूरी रिहर्सल की गई। राष्ट्रपति के आगमन, मंच पर पहुंचने, राष्ट्रगान, उपाधि वितरण और विदाई की पूरी प्रक्रिया का हूबहू अभ्यास किया गया। इस दौरान संस्थान के निदेशक त्रिवेणी दत्त सहित सभी वरिष्ठ वैज्ञानिक, शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

वीवीआईपी मूवमेंट से लेकर इमरजेंसी रिस्पॉन्स तक का जायजा
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए एडीजी रमित शर्मा, डीआईजी अजय साहनी, कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, जिलाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य सहित तमाम अधिकारी IVRI पहुंचे। इनके साथ नगर आयुक्त संजीव मौर्य, सीडीओ देवयानी सिंह, एडीएम पूर्णिमा सिंह, एसडीएम सिटी सौरभ दुबे, एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्रा, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खां, सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री और अन्य सभी एसडीएम, सीओ, SHO समेत बाहर से आए पुलिस अफसर भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अतिथि दीर्घा, वीवीआईपी मूवमेंट, पार्किंग, एंट्री-एग्जिट प्वाइंट्स और आपातकालीन रिस्पॉन्स की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।