खैरथल-तिजारा,। जिला कलेक्टर किशोर कुमार के निर्देशन में उप जिला अस्पताल तिजारा में बुधवार को उपखण्ड अधिकारी तिजारा द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में बड़ी लापरवाही सामने आई। निरीक्षण के दौरान कुल 11 चिकित्सक अपने कक्षों में अनुपस्थित पाए गए। इनमें संस्था प्रभारी डॉ. प्रवीण शर्मा सहित डॉ. नीरज पुरी, डॉ. अक्षय शर्मा, डॉ. अंकित गुप्ता, डॉ. प्रियंका शर्मा, डॉ. रेखा यादव, डॉ. बरखा गुप्ता, डॉ. सतेंद्र कुमार, डॉ. रजनीश खोहिया, डॉ. विश्वेद, डॉ. देवेंद्र शर्मा एवं डॉ. निधि यादव शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान सभी चिकित्सक बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस संबंध में उपखण्ड अधिकारी तिजारा द्वारा दूरभाष के माध्यम से सूचना मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी खैरथल-तिजारा को दी गई। तत्पश्चात सीएमएचओ द्वारा मौके पर पहुंचकर पुनः निरीक्षण किया गया, जिसमें स्थिति यथावत पाई गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी खैरथल-तिजारा ने जिला कलेक्टर के निर्देश पर सभी अनुपस्थित चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में संबंधित चिकित्सकों के विरुद्ध राजस्थान सिविल सेवा नियमों के अंतर्गत अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
जिला कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

