रैंप हटाओ महापंचायत का 11 सदस्यीय प्रतिनिधि मण्डल ने मंगलवार को हरियाणा प्रशासन से वार्ता कर मुख्य सचिव हरियाणा सरकार व जिला उपयुक्त रेवाड़ी के नाम ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के माध्यम से हरियाणा शासन द्वारा भिवाड़ी-धारूहेड़ा मुख्य मार्ग रेवाड़ी पलवल राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 919 पर भिवाड़ी राजस्थान व धारूहेडा हरियाणा की राज्य सीमा पर लगभग 4 फीट ऊंचा अवैध रैम्प बनाकर बंद किए गए भिवाड़ी के प्राकृतिक जल प्रवाह मार्ग को खोलने व अवैध रैंप को हटाकर करीब 2 वर्ष से बंद पड़े राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों और यात्रियों का आवागमन शुरू करवाने की मांग की। बताया गया कि भिवाड़ी राजस्थान क्षेत्र के वर्षा जल के प्राकृतिक जल प्रवाह मार्ग जो भिवाड़ी क्षेत्र की पहाड़ियों से व अन्य क्षेत्र से भाकर अनंत काल से

हरियाणा के ग्राम माहेश्वरी, गढ़ी, धारूहेड़ा मालपुरा होकर साहबी नदी में गिरता था, उसके जल प्रवाह के लिए प्राकृतिक जल प्रवाह मार्ग को मौके पर चिन्हित कर अतिक्रमण को हटाकर 20 फीट चौड़ा पक्का नाला बनवाया जाए। राजस्थान राज्य सीमा पर बसे राजस्थान के भिवाड़ी शहर व हरियाणा के धारूहेड़ा शहर जो बिल्कुल नजदीक होने के कारण अनेकों सुविधाओं के लिए एक दूसरे पर निर्भर हैं, उनके मध्य उक्त अवैध रैम्प के कारण उत्पन्न गतिरोध, आपसी व्यापार में नुकसान कर रहा है व निवासियों में कटूता बढ़ रही है तथा सोहार्द बिगड़ रहा है, इन सब की पुनः बहाली के लिए प्राकृतिक जल प्रवाह मार्ग व राजमार्ग पर भविष्य में ऐसे अवैध रैंप व अन्य अवरोध नहीं लगाए जाएं और समस्याओं को आपसी बातचीत से कानून के दायरे में हल करने का प्रयास किया जाए।
रिपोर्टर मुकेश कुमार शर्मा







