योग की शक्ति, ओंकार की ध्वनि: मैदान बना आध्यात्मिक ऊर्जा का महासागर

ॐ से आरंभ, योग से जीवन- भव्य आयोजन बना प्रेरणा का स्रोत

11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: जिले में भव्य आयोजन, हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास

खैरथल-तिजारा। 21 जून। 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ थीम पर शुक्रवार को जिलेभर में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खैरथल में किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, सरकारी अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य और आमजन ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं योग दिवस प्रभारी, आवासन मंडल राजस्थान आयुक्त रश्मि शर्मा एवं उपस्थित अतिथिगण द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। मुख्य अतिथि शर्मा ने उपस्थित सभी लोगों को योग करने और जीवनशैली में इसे अपनाने की शपथ दिलाई। साथ ही, उन्होंने कहा कि योग केवल एक शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का साधन है, जो भारत की प्राचीन परंपरा का अमूल्य उपहार है।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का योग दिवस पर संदेश भी लाइव प्रसारण के माध्यम से दिखाया गया, जिसे लोगों ने एकाग्रचित होकर सुना और सराहा।कार्यक्रम में जिला कलेक्टर किशोर कुमार ने भी सभी नागरिकों को आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए मतदान करने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध योगाचार्य हरिओम सैनी एवं उनकी टीम के निर्देशन में उपस्थित सभी लोगों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान तकनीकों का अभ्यास किया। योग सत्र में ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, ध्यान और शांति पाठ जैसे अभ्यास कराए गए।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव, मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, आयुर्वेद विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. अजीत बाल्याण, नगर परिषद कमिश्नर मुकेश शर्मा, नगर परिषद कनिष्ठ अभियंता मोतीलाल वर्मा, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता धर्मवीर यादव, अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र यादव, शारीरिक शिक्षक हरवीर भड़ाना, व्यापार मंडल के अध्यक्ष, अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम उपरांत योग दिवस की सफलता में विशेष योगदान देने वाले अधिकारियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी योग दिवस पर विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए।

रिपोर्टर मुकेश कुमार शर्मा

Oplus_131072