स्कूल छात्र-छात्राओं ने लिया रन फॉर राजस्थान दौड़ में भाग
खैरथल -तिजारा 30 मार्च राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार राजस्थान दिवस साप्ताहिक महोत्सव के तहत रविवार को पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खैरथल में रन फॉर राजस्थान दौड़ के साथ

राजस्थान दिवस के कार्यक्रमों का आगाज हुआ। रन फॉर राजस्थान दौड़ को जिला कलेक्टर किशोर कुमार ने हरी झंडी दिखाकर शुरू किया।
इस दौरान जिला कलेक्टर ने कहा कि यह दौड़ केवल एक खेल गतिविधि नहीं, बल्कि हमारे प्रदेश की एकता, उत्साह और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। इस आयोजन का

उद्देश्य न केवल स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देना है, बल्कि राजस्थान की समृद्ध संस्कृति और परंपरा को भी जीवंत रखना है।
हमारा प्रदेश साहस, शौर्य और स्वाभिमान की भूमि है।

इस दौड़ के माध्यम से सभी को संदेश मिलेगा, कि स्वस्थ शरीर और मजबूत संकल्प से हम हर चुनौती का सामना कर सकते हैं।
दौड़ में जिले के विद्यालयों और महाविद्यालय के विद्यार्थियों के छात्र-छात्राओं ने जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। दौड़ का रूट राजकीय उच्च माध्यमिक

विद्यालय के मैदान से शुरू होकर अंबेडकर सर्किल से होते हुए नगर परिषद , वापस पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खैरथल मैदान में समाप्त की गई।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, आरएएस राकेश रावत, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा, जिला खेल अधिकारी अंजना शर्मा, उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) हरवीर भड़ाना, नगर परिषद कनिष्क अभियंता मोतीलाल वर्मा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी एवं सैकड़ो की संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
रिपोर्टर मुकेश कुमार शर्मा




