अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर निर्माण श्रमिकों को हितलाभ स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरण, निर्माण श्रमिक पंजीकरण कैम्प का किया गया आयोजन

अटल आवासीय विद्यालय के मेधावी छात्र/छात्राओं किया गया पुरस्कृत

मजदूरों का पसीना सूखने से पहले उनका मेहनताना उन्हें मिल जाए-जिलाधिकारी

बरेली, 01 मई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर निर्माण श्रमिकों को हितलाभ स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरण, निर्माण श्रमिक पंजीकरण कैम्प, ई-श्रम पंजीकरण कैम्प तथा संगोष्ठी का आयोजन आई०एम०ए० हाल में किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर निर्माण श्रमिकों के हितलाभ स्वीकृति प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले व अटल आवासीय विद्यालय के पुरस्कृत होने वाले मेधावी छात्र/छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि एक मजदूर देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और देश के विकास में भी महत्ती भूमिका निभाता है। हमें अपने श्रमिक साथियों का सम्मान करना नितांत आवश्यक है। आज इस दुनिया में आधुनिकता की चमक पर जो हम गर्व कर रहे हैं यह सब उन्हीं की देन है। हमें मेहनतकश कामगारों को कोटि-कोटि धन्यवाद करना चाहिए।

उन्होंने उप श्रमायुक्त से अपेक्षा की कि श्रमिकों हेतु संचालित लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ श्रमिक भाईयों तक पहुंचाएं, यह योजनाएं मात्र कागजों में ही कैद होकर ना रह जाएं। इन योजनाओं से श्रमिकों को बहुत फायदा होगा और उनकी स्थिति मजबूत होगी। हमें प्रयास करना चाहिए कि मजदूरों का पसीना सूखने से पहले उनका पारिश्रमिक उन्हें मिल जाए। उन्होंने उप श्रमायुक्त को निर्देश दिए गए कि जितनी भी आरसी कलेक्ट्रेट में भेजी गई हैं उसकी सूची उपलब्ध कराएं और जिससे उस पर आवश्यक कार्यवाही करायी जा सके।

इस अवसर पर अटल आवासीय विद्यालय की वार्षिक परीक्षा-2025 में अधिकतम अंक प्राप्त करने वालों में क्लास 06 की टॉपर काव्या वर्मा, क्लास 07 की टॉपर खुशबू यादव व क्लास 09 के टॉपर अंश को प्रतीक चिन्ह देकर पुरस्कृत किया गया।

निर्माण श्रमिकों के कल्याण हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जिसके अन्तर्गत कन्या विवाह सहायता योजना के लाभार्थी सुरेश चन्द्र, ठाकुर दास, जगदीश, भानु प्रताप व भगवत शरण को 55 हजार की धनराशि के स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किये गये।

इसी प्रकार निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना के लाभार्थी नंदराम, उमेश चन्द्र, हरिशंकर, प्रमोद कुमार व रामेश्वर दयाल सहित कुल 12 लाभार्थियों को 02 लाख 25 हजार की दर से एमआईएस (एफडी) प्रदान की गयी। मातृत्व शिशु बालिका मदद योजना के लाभार्थी तेजराम, फिरासत अली व जहांनन को 20-20 हजार रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किये गये। अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर कुल 700 निर्माण श्रमिकों को लाभान्वित किया गया।

इस अवसर पर श्रम विभाग द्वारा आईएमए हॉल स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर में श्रम विभाग के कर्मियों द्वारा रक्तदान किया गया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जग प्रवेश, उप श्रमायुक्त डॉ0 दिव्य प्रताप सिंह, सहायक श्रमायुक्त बाल गोविन्द, सहायक निदेशक कारखाना कपिल शर्मा, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, श्रमिक संघों के प्रतिनिधि आरपी सिंह सहित सम्बंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बरेली कॉलेज की प्रोफेसर डॉ0 वन्दना वर्मा द्वारा किया गया।

…………………………

slot thailand