बानसूर। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर कस्बे में मंगलवार को दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात सामने आई। बाइक सवार बदमाशों ने अलवर बाईपास पर शराब ठेकेदार सुनील उर्फ टूल्ली (35) निवासी बालावास पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल सुनील को तुरंत बानसूर उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे

कोटपूतली के बीडीएम अस्पताल रैफर किया गया। इलाज के दौरान सुनील की मौत हो गई। थाना प्रभारी सुरेन्द्र मलिक ने बताया कि सुनील बानसूर के अलवर बाईपास रोड स्थित एक टेलर की दुकान पर कपड़े लेने गया हुआ था। तभी तीन बाइकों पर सवार होकर छह हमलावर वहां पहुंचे और सुनील पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में सुनील लहूलुहान होकर गिर पड़ा। सूचना पर बानसूर डीएसपी दशरथ सिंह व थाना प्रभारी

मलिक मय पुलिस टीम के मौके पर पहुंचे। घायल अवस्था में सुनील को एंबुलेंस से कोटपूतली के बीडीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। दोपहर 12ः30 बजे हुई इस वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। प्रारंभिक अनुमान है कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश या पुराना लेनदेन हो सकता है। हालांकि, जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, कारणों पर स्पष्टता संभव नहीं है। घटना के बाद बानसूर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही जिले की सीमाओं पर नाकाबंदी कर दी गई है, ताकि आरोपी जिले से बाहर न निकल सकें।
रिपोर्टर मुकेश कुमार शर्मा


