
वृक्षारोपण जन अभियान 2025 हेतु वन विभाग की बैठक सम्पन्न
वृक्षारोपण जन अभियान 2025 को सफल बनाने तथा वृहद स्तर पर जन सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 28 जून 2025 को प्रभागीय वनाधिकारी बरेली दीक्षा भण्डारी द्वारा जनपद में सक्रिय गैर-सरकारी संगठनों एवं संस्थाओं के साथ कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सभी संस्थाओं से अपील की गई कि वे सक्रिय रूप से वृक्षारोपण अभियान से जुड़ें। बताया गया कि वन विभाग सहित कुल 26 विभागों के माध्यम से विभिन्न स्थलों एवं प्रत्येक ग्राम पंचायत में पौधारोपण किया जाएगा। सभी स्थलों पर पूर्व से गड्ढे तैयार रहेंगे और मौके पर पौधों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी। गैर-सरकारी संगठनों एवं संस्थाओं के सदस्यों से अनुरोध किया गया कि वे स्वयं जाकर पौधारोपण कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, जिससे वृक्षारोपण जन अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान किया जा सके।

प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न तिथियों पर विशेष वनों की स्थापना की जाएगी, जिनमें अटल वन, ऑक्सी वन, शौर्य वन, गोपाल वन, त्रिवेणी वन आदि सम्मिलित हैं। इन कार्यक्रमों में सभी संगठनों की सक्रिय भागीदारी अपेक्षित है।
इसी क्रम में काष्ठ आधारित उद्योगों की एसोसिएशन के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक विशेष बैठक भी आयोजित की गई। इस बैठक में दीक्षा भण्डारी ने उद्योग प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वे किसानों को अधिक से अधिक संख्या में वृक्षारोपण हेतु प्रेरित करें। बताया गया कि ग्राम्य विकास, पंचायती राज और कृषि विभागों के सहयोग से किसानों के माध्यम से भी पौधारोपण किया जाएगा। औद्योगिक इकाइयों से अपील की गई कि वे अपने आसपास के ग्राम प्रधानों से संपर्क स्थापित कर किसानों को प्रोत्साहित करें, ताकि भविष्य में उन्हें कच्चा माल आसानी से उपलब्ध हो सके।
बैठक में ओमवीर सिंह (संयोजक, लोक भारती), देवेन्द्र सिंह (सह-संयोजक, लोक भारती), डॉ. रवि प्रकाश शर्मा, प्रवीण कुमार (इको क्लब), अखिलेश सिंह (गंगा समग्र) भावना सिंह (नेचर मित्र) सहित विभिन्न काष्ठ आधारित संगठनों से शेखर अग्रवाल,रौशन अग्रवाल एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।