
बरेली में ट्रांसपोर्ट कमिश्नर ने ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट व नवनिर्मित आरटीओ कार्यालय का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बरेली, जुलाई 2025:
उत्तर प्रदेश के परिवहन आयुक्त (Transport Commissioner) बृजेश नारायण सिंह ने बरेली में स्थित ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट और नवनिर्मित आरटीओ कार्यालय का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक सुधार एवं दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग की प्राथमिकता पारदर्शी, तकनीकी और जनता केंद्रित व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट का निरीक्षण:
परिवहन आयुक्त सबसे पहले बरेली के ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट पहुंचे, जहां उन्होंने संस्थान में प्रशिक्षण की मौजूदा व्यवस्था को परखा।
उन्होंने सिम्युलेटर लैब, थ्योरी क्लासरूम, प्रैक्टिकल ड्राइविंग ट्रैक और प्रशिक्षक स्टाफ से बातचीत की।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण में सड़क सुरक्षा नियमों को प्राथमिकता दी जाए तथा ड्राइविंग टेस्ट को और अधिक व्यावहारिक और निष्पक्ष बनाया जाए।
उन्होंने प्रशिक्षुओं से संवाद कर फीडबैक लिया और प्रशिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने के सुझाव दिए।

नवनिर्मित आरटीओ कार्यालय का भी आयुक्त ने किया निरीक्षण..
इसके बाद आयुक्त ने शहर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए आरटीओ (क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय) भवन के निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया । शासन द्वारा निर्माण हेतु आवश्यक वित्तीय किस्त जारी कर दी गई थी,जिसके बाद निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी गई है । इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के तहत जनता को अब बेहतर, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सक्षम परिवहन सेवाएं मिलने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है।

क्या होगा खास इस नए भवन में?
आरटीओ कार्यालय का यह नया भवन राजकीय भूमि पर निर्मित किया जा रहा है।
इसमें ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक, डिजिटल पंजीकरण केंद्र, ई-सेवा काउंटर, प्रशिक्षण सभागार, पब्लिक वेटिंग एरिया, और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी।
साथ ही दिव्यांगजनों व वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधा क्षेत्र और रैम्प की भी व्यवस्था हो
पूरे भवन का निर्माण ग्रीन बिल्डिंग मानकों पर आधारित होगा।

जनता को क्या होगा लाभ?
लंबे समय से किराए के भवन में संचालित हो रहे आरटीओ कार्यालय को अब स्थायी और व्यवस्थित परिसर मिलेगा।
लोगों को लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, टैक्स भुगतान, वाहन परमिट आदि सेवाएं एक ही छत के नीचे आसानी से मिल सकेंगी।
इससे दलाल प्रथा पर अंकुश लगेगा और ऑनलाइन सेवाओं का बेहतर क्रियान्वयन संभव होगा।
“बरेली में आरटीओ कार्यालय का स्थायी भवन लंबे समय से जरूरी था। शासन से प्रथम किस्त प्राप्त होने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। यह भवन जनता की सुविधा और विभागीय कार्यप्रणाली को और सशक्त बनाएगा।”
बृजेश नारायण सिंह -परिवहन आयुक्त

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों यह भी निर्देश दिए:
- सभी सेवाएं निर्धारित समय में पूर्ण हों।
- ऑनलाइन आवेदन व ट्रैकिंग सिस्टम को और सरल बनाया जाए।
- आरटीओ कार्यालय में दलालों पर सख्त निगरानी रखी जाए।
- जनता के लिए हेल्पडेस्क और शिकायत निवारण प्रणाली को सक्रिय किया जाए।
- सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए।
सड़क सुरक्षा व जन-जागरूकता अभियान:
ट्रांसपोर्ट कमिश्नर ने कहा कि परिवहन विभाग की जिम्मेदारी सिर्फ दस्तावेज़ों का कार्य नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा को लेकर समाज में जागरूकता फैलाना भी जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि बरेली में ट्रैफिक जागरूकता अभियान चलाया जाए, जिसमें स्कूल, कॉलेज और समाजिक संगठनों को जोड़ा जाए।

“हमारा उद्देश्य है कि आम जनता को बिना किसी परेशानी के पारदर्शी, त्वरित और तकनीकी रूप से सक्षम सेवाएं मिलें। ड्राइविंग ट्रेनिंग की गुणवत्ता और आरटीओ कार्यालय की कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।”
— बृजेश नारायण सिंह, परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश