जैविक खेती को लेकर जिलाधिकारी ने किसानों को किया जागरूक

ग्राम पंचायत तिमनपुर के सचिवालय का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण एवं संबंधित को दिए आवश्यक दिशा निर्देश

मनरेगा योजनान्तर्गत बनाए गए विकासखंड संभल के ग्राम पंचायत तिमनपुर में खेल के मैदान का जिलाधिकारी ने किया लोकार्पण

सम्भल। बहजोई जिलाधिकारी मनीष बंसल ने मनरेगा योजनान्तर्गत बनायी गयी विकासखंड संभल के ग्राम पंचायत मऊ में अस्थाई गौशाला रजाभूड़ का फीता काटकर शुभारंभ किया।
गौशाला में बने भूसा स्टोर एवं चारे की व्यवस्था की रखरखाव के बारे में जानकारी प्राप्त की। खंड विकास अधिकारी को पशुओं के संरक्षण के बारे में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की सबसे महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक योजना निराश्रित गोवंशों का संरक्षण है। उन्होंने बताया कि निराश्रित गोवंश संरक्षण कई बिंदुओं से जुड़ा हुआ है। जिसमें किसानों की फसल का बचाव का कार्य सरकार एवं प्रशासन की प्राथमिकता है।


जिलाधिकारी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय पूजनीय हैं उसे माता के रूप में पूजा जाता है और गाय हमारी संस्कृति है एवं हमारे धर्मों और हमारे जीवन की शैली में उसका बहुत उपयोग है। उन्होंने बताया कि पुराने जमाने में हमारे घरों में फर्श नहीं होते थे तो लोग गाय के गोबर से लेप कर दीवार एवं फर्श को तैयार करते थे। जिससे घर का वातावरण ठीक रहता था और मच्छर, मक्खी एवं इनसे होने वाली बीमारियां भी दूर रहती थी।
जिलाधिकारी ने बताया कि आज भी हमारे देश में इस शैली को अपनाया जाता है और उन्होंने गोबर की विशेषता के बारे में भी बताया।


वहां उपस्थित लोगों को जिलाधिकारी ने जैविक खेती को लेकर जागरूक किया एवं उन्होंने बताया कि किसान लगातार जैविक खेती करें तो उनको संस्था द्वारा प्रमाणीकरण किया जाता है। अगर एक बार प्रमाण पत्र मिल गया तो किसान की आय दुगनी हो जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि दूध निकालने के बाद गाय को ना छोड़ें एवं इसको लेकर भी लोगों को अधिक से अधिक जागरूक करें।


ग्राम प्रधान, सचिव, विकासखंड अधिकारी के द्वारा मॉडल गौशाला बनाए जाने को लेकर जिलाधिकारी ने भूरी भूरी प्रशंसा की और उन्होंने कहा की आप सभी बधाई के पात्र हैं।
जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में इसी तरह और भी गौशालाओं का निर्माण किया जाए।


जिलाधिकारी ने किसानों को जागरुक करते हुए कहा कि गोबर की खाद से मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार आता है जिससे अच्छा अनाज उत्पन्न होता है इससे अधिक से अधिक गोबर के खाद का उपयोग किया जाए।
इसके उपरांत विकासखंड संभल के ग्राम पंचायत तिमनपुर के सचिवालय का जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया एवं संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।


मनरेगा योजनान्तर्गत बनाए गए विकासखंड संभल के ग्राम पंचायत तिमनपुर में खेल के मैदान का जिलाधिकारी ने लोकार्पण किया। एवं खेल के मैदान की सराहना की उन्होंने कहा कि बच्चों में खेल के मैदान से एक नई प्रतिभा उत्पन्न होगी।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी राम आशीष,पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, ब्लॉक प्रमुख संभल,खंड विकास अधिकारी प्रेमपाल सिंह, ग्राम प्रधान एवं संबंधित अधिकारी कर्मचारी तथा जनमानस उपस्थित रहे।

सम्भल से खलील मलिक कि ख़ास रिपोर्ट